
बिहार में एक महिला के शव को जलाने को लेकर दो गुटों में जमकर मारपीट हुई. इतना ही नहीं बीच बचाव करने पहुंची पुलिस टीम पर भी उपद्रवियों ने पथराव किया. जिसके बाद पुलिस को फायरिंग करनी पड़ी.
क्या है पूरा मामला
मामला औरंगाबाद जिले के अम्बा थाना क्षेत्र की है. जहां कसौटी गांव में एक महिला की मौत के बाद शव जलाने को लेकर बवाल हुआ. कसौटी और भरत गांव के लोगों के बीच मारपीट हुई. जिसमें दोनों पक्ष के 12 से अधिक लोग घायल हो गए। घायलों का इलाज रेफरल अस्पताल कुटुंबा में जारी है।
क्यों हुआ झगड़ा
कसौटी गांव के मिथिलेश पासवान की चाची का निधन हुआ। परिजन अंतिम संस्कार के लिए शव को लेकर भरत पोखरा पर ले गए. जहां पहले से ही गांव वाले अंतिम संस्कार करते आ रहे हैं। इसी बीच भरत गांव के लोग वहां पहुंचे और उनके साथ उक्त स्थल पर शव न जलाने को लेकर मारपीट करने लगे। दोनों पक्षों में जमकर मारपीट हुई।
हवाई फायरिंग करनी पड़ी
घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस इंस्पेक्टर सतीश कुमार और अम्बा थानाध्यक्ष वीरेंद्र पासवान दल-बल के साथ मौके पर पहुंच गए। भीड़ को तितर-बितर करने के लिए पुलिस ने डंडे चटकाए और लोगों को खदेड़ा। इसी क्रम में कुछ लोगों ने पुलिस पर रोड़ेबाजी शुरू कर दी। जिसके बाद पुलिस को हवाई फायरिंग करनी पड़ी। जिसके बाद उपद्रवी भागे.फिर पुलिस की देखरेख में अंतिम संस्कार करना पड़ा