
सोहसराय थाना के बसारबिगहा मोहल्ले में शराब से लदी एक कार दीवार से जा टकराई। जिसके बाद लोगों ने कार में सवार दो लोगों को पकड़ लिया और पुलिस के हवाले कर दिया। पुलिस ने जब कार की तलाशी ली तो उसमें झारखंड मेड 600 पाउच देसी शराब रखी मिली। शराब के पाउच 4 बोरी में पैक थे। डीएसपी सदर इमरान परवेज ने बताया कि पकड़े गये शराब तस्करों की पहचान जलालपुर के अनिकेश और सोनू के रूप में की गयी है।
सोहसराय के थानाध्यक्ष नंद किशोर ने बताया कि किसी ने पहले सूचना दी कि बसारबिगहा स्थित क्रबिस्तान के पास कुछ लोग गाड़ी से शव फेंक रहे हैं। पुलिस जब मौके पर पहुंची तो मालूम चला कि एक ऑल्टो कार दीवार से टकरा गई है। स्थानीय लोगों ने कार पर सवार दो लोगों को पकड़ लिया है। जांच के क्रम में गाड़ी में चार बोरी में पैक झारखंड मेड 600 पाउच शराब बरामद की गई। कार में और लोग सवार थे, जो फरार हो गए।
पचासा का है मास्टरमाइंड
थानाध्यक्ष ने बताया कि पूछताछ के क्रम में तस्करों ने बताया कि वे लोग मोरा तलाब के पचासा गांव से देसी शराब बिक्री के लिए लेकर आ रहे थे। इसी बीच बसारबिगहा के पास गाड़ी एक दीवार से जा टकरायी। उन्होंने बताया कि इस पूरे खेल का मास्टर माइंड पचासा गांव का ही है। सभी की गिरफ्तारी के लिए पुलिस छापेमारी कर रही है। 9 अक्टूबर को भी पकड़ी गयी थी 2200 देसी पाउच सोहसराय थाना क्षेत्र के बाइपास से पुलिस ने 9 अक्टूबर को भी सूचना के आधार पर 11 बोरी में रखे 2200 देसी पाउच को बरामद किया था। हालांकि धंधेबाज भागने में सफल हुए थे। वह शराब भी झारखंड मेड थी। पुलिस उस जब्ती को पकड़े गए तस्करों से जोड़कर देख रही है।