
अभी अभी एक बड़ी खबर आ रही है नालंदा जिला के इस्लामपुर से. जहां प्रखंड प्रमुख मीणा देवी के पति और पूर्व जिला परिषद सदस्य मिथिलेश यादव को गोली मार दी गई है. बदमाशों ने उन्हें तीन गोलियां मारी है. उन्हें इलाज के लिए पटना भेज दिया गया है.
मॉर्निंग वॉक के दौरान वारदात
इस्लामपुर के आरजेडी नेता और पूर्व जिला परिषद सदस्य मिथिलेश यादव मॉर्निंग वॉक पर निकले थे. जैसे ही वो रेलवे स्टेशन रोड में आईटीआई कॉलेज के पास पहुंचे. वैसे ही घात लगाए बदमाशों ने उनपर ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी. प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक बदमाशों ने पांच राउंड गोलियां चलाई.उसके बाद बाइक से फरार हो गए. स्थानीय लोगों का कहना है कि दो बाइक से करीब पांच लोग सवार थे.
मिथिलेश यादव को तीन गोली लगी
बदमाशों ने इस्लामपुर के प्रखंड प्रमुख मीणा देवी के पति पर पांच गोलियां चलाई. जिसमें तीन गोली मिथिलेश यादव को जा लगी. गोली उनके बांह के पास लगी. गोलियों की आवाज सुनते ही आसपास के लोग दौड़े और उन्हें अस्पताल ले गए. जहां से प्राथमिक इलाज के बाद पटना रेफर कर दिया गया
पटना के फोर्ड अस्पताल में चल रहा है इलाज
मिथिलेश यादव को पटना के फोर्ड अस्पताल में भर्ती कराया गया है. जहां उनका इलाज किया जा रहा है. नालंदा लाइव को मिली जानकारी के मुताबिक उनके शरीर से गोलियां निकाल दी गई है. अब वो खतरे से बाहर हैं.
कौन हैं मिथिलेश यादव
मिथिलेश यादव मूलत: इस्लामपुर के मैदी कलां गांव के रहने वाले हैं. वे एक बार जिला परिषद सदस्य भी रह चुके हैं. साथ ही पिछली बार इस्लामपुर के प्रखंड प्रमुख थे. लेकिन जब सीट महिलाओं के लिए सुरक्षित हुआ तो इस बार उन्होंने अपनी पत्नी को प्रखंड प्रमुख बना दिया है. ऐसे में कयास लगाया जा रहा है कि गोलीबारी के पीछे सियासी रंजिश छिपी होगी.
फिलहाल पुलिस मामले की छानबीन कर रही है. साथ ही नालंदा लाइव उनके जल्द स्वस्थ्य होने की कामना भी करता है।