
चारा घोटाले में लालू यादव जेल में सजा काट रहे हैं। जहां वो बीमार भी पड़े । लेकिन लालू यादव के पास न तो उनकी पत्नी रहती हैं और न ही कोई बच्चे । ऐसे में एक शख्स है जो हमेशा लालू यादव के साथ साये की तरह रहता है । नाम है भोला यादव। सवाल ये है कि ये भोला यादव कौन है और लालू से उनका क्या रिश्ता है? तो आपको बता दें कि भोला यादव को लालू यादव का बड़ा राजदार माना जाता है। उन्हें ‘लालू का हनुमान’ भी कहा जाता है । भोला यादव बहादुरपुर सीट से आरजेडी विधायक हैं। उनकी पहुंच लालू यादव के किचेन तक मानी जाती है। भोला यादव करीब 20 वर्षों तक लालू जी के निजी सहायक रहे हैं। लालू के वफादार माने जाने वाले भोला यादव गणित विषय से स्नातक हैं। लालू की हर पसंद और नापसंद को समझते हैं। साथ ही लालू जी कौन सी दवा किस समय लेते हैं, इसकी पूरी जानकारी भोला यादव के पास होती है। जेल के अंदर और बाहर की सारी सूचनाओं को देने की जिम्मेदारी भी भोला यादव के पास रही है । लालू के विश्वासपात्र भोला यादव को आरजेडी ने 4 सितंबर 2014 को बिहार विधान परिषद भेजा और 2015 के विधानसभा चुनाव में दरभंगा के बहादुरपुर से लड़वाया, जिसमें वे जीत गए। चारा घोटाला के मामले, जिसमें लालू प्रसाद को सजा हुई है, भोला यादव हर संभव जगह लालू की परछाई बने रहे हैं। रांची से दिल्ली ले जाने के समय भी भोला यादव साथ रहे। लालू की बोगी में ही भोला यादव रहे।