
पटना के अनीसाबाद में पंजाब नेशनल बैंक (पीएनबी) लूटकांड में सनसनीखेज खुलासा है। पटना पुलिस की विशेष टीम ने 52 लाख रुपये के लूटकांड में मास्टरमाइंड समेत 5 लोगों को गिरफ्तार कर लिया है। इनके पास से 33 लाख 13 हजार 125 रुपये भी बरामद किए गए हैं।
नालंदा का निकला मास्टरमाइंड
पटना पुलिस ने पीएनबी लूट के सरगना अमन कुमार उर्फ सत्यम शुक्ला उर्फ अमित को गिरफ्तार कर लिया है. जो नालंदा जिला के सरमेरा का रहने वाला है. अमन ने ही वारदात की साजिश रची थी। अमन अंग्रेजी का शिक्षक है और अनीसाबाद स्थित एक कोचिंग संस्थान में पढ़ाता था। गुप्त सूचना के आधार पर पुलिस ने इन अपराधियों को जक्कनपुर की बैंक कॉलोनी स्थित सरगना के किराये के मकान से गिरफ्तार किया। इस मामले में आठ अपराधी शामिल थे, जिनमें पुलिस को लाइनर समेत तीन लुटेरों की तलाश है।
और कौन कौन हुआ गिरफ्तार
पुलिस ने मास्टरमाइंड अमन के अलावा समस्तीपुर के हायाकोठी के रहने वाले हरिनारायण , वैशाली के सबलपुर के रहने वाले सोनेलाल, पटना के बुद्धा कॉलोनी के रहने वाले गणेश कुमार उर्फ ननकी और सीतामढ़ी के पंत पाकड़ के रहने वाले प्रफुल्ल कुमार को गिरफ्तार किया है.
कैसे दिया वारदात को अंजाम
22 जून को बैंक में डाका डालने से पहले अपराधी गर्दनीबाग स्थित मंगलतालाब के पास जुटे। यहां सभी ने हथियारों को अपने पास रखा और प्लानिंग करने लगे। कुछ समय बाद लगभग दोपहर तीन बजे लुटेरे पीएनबी के सामने पहुंचे। इसी बीच लाइनर ने उन्हें भीतर आने का इशारा दिया। लाइनर से हरी झंडी मिलते ही अपराधी बैंक में घुस गए। वारदात को अंजाम देने के बाद साजिश के तहत लुटेरे अलग-अलग रास्तों की ओर भागे थे, ताकि कोई उन तक पहुंच न सके।
दिसंबर में ही रच दी थी लूट की साजिश
पुलिस की पूछताछ में यह बात भी सामने आई है कि दिसंबर, 2019 में ही डकैतों ने बैंक में डाका डालने की साजिश रची थी। पूरी योजना अमन ने बनाई और उसी ने अन्य अपराधियों को गिरोह में शामिल किया।
लुटेरों का पेशा जानकर चौंक जाएंगे
जैसे हरिनारायण कराटे के ब्लैक बेल्ट टीचर है , अमन शुक्ला अंग्रेजी के टीचर है , प्रफुल्ल बोरिंग रोड के पॉस इलाके में कम्पाउडर है , सोनेलाल सेंट्रिग मिस्त्री है इसी कारण इन पर किसी को शक नहीं होता है और पटना पुलिस की पकड़ में नही आ पाते थे
क्या क्या बरामद हुआ
-33 लाख 13 हजार 125 नकद रुपये
-लूट के पैसे से खरीदा गया नशीला पदार्थ
-एक सोने का चेन और सोने का लॉकेट
-सोने से मढ़ी रूद्राक्ष की माला, तीन बाइक
-पांच देसी पिस्टल और 16 जिंदा कारतूस
-घटना में इस्तेमाल किए गए कपड़े और बैग