
नालंदा जिला में बदमाशों ने हथियार के बल पर 200 क्विवंटल धान लूट लिए हैं. मामला चंडी प्रखंड के नरसंडा के बदौरा स्थित मां भवानी राइस मिल की है. बताया जाता है कि दर्जन भर बदमाश रात करीब साढ़े 11 बजे राइस मिल में आ धमके और सो रहे पहरेदार लक्ष्मण जमादार का हाथ-पैर बांधकर बंधक बना लिया। फिर करीब एक घंटे तक आराम से धान के 500 बोरे ट्रक में लोड किए और चलते बने। लुटेरे नमी जांच मशीन, दो मोटर, बर्तन, चूल्हे और पहरेदार का मोबाइल भी साथ लेते गए।
गंगौरा पैक्स का था धान
बताया जा रहा है कि धान की ये खेप चंडी के गंगौरा पैक्स से अधिप्राप्त की गई थीं। जाते-जाते लुटेरों ने पैक्स के रिकॉर्ड रजिस्टर को भी नष्ट कर दिया। पैक्स अध्यक्ष इंद्रजीत कुमार ने थाने में करीब पौने चार लाख रुपए की धान लूट की प्राथमिकी दर्ज कराई है। बहरहाल, अनाज की इस अनोखी लूट की घटना की पूरे क्षेत्र में चर्चा है। लोग लुटेरों के बारे में तरह-तरह के कयास लगा रहे हैं। गंगौरा का पैक्स गोदाम जगतपुर जाने वाली सड़क के किनारे है, जबकि राइस मिल इससे कुछ पहले नरसंडा के निकट एनएच 30 ए के किनारे है। मिल की बाउंड्रीवाल में गेट नहीं है। इसी का फायदा लुटेरों ने उठाया। पहरेदार लक्ष्मण ने बताया कि उसने घटना का विरोध करना चाहा तो हथियार दिखाकर उसे बंधक बना लिया गया और मिलिग के लिए रखा हुआ किसानों से अधिप्राप्त धान लूट लिया।
रात में मंडियों में की खोजबीन, नहीं चला पता
लुटेरों के भागने के बाद लक्ष्मण ने पैक्स अध्यक्ष इंद्रजीत कुमार उर्फ टुनटुन सिंह को उनके गांव जगतपुर जाकर घटना की सूचना दी। जिसके बाद चंडी थाने की पुलिस को सूचित किया गया। रात में चंडी थाने की पुलिस ने पैक्स अध्यक्ष व जगतपुर के ग्रामीणों के साथ मिलकर माधोपुर, बिहारशरीफ, हिलसा, दनियावां, हरनौत, खुसरूपुर की धान मंडियों में पहुंचकर लूट का धान बरामद करने की कोशिश की पर सुराग नहीं मिल पाया। बताते चलें कि टुनटुन सिंह लगातार पैक्स अध्यक्ष का चुनाव जीतते आए हैं। उन्होंने दो साल पहले पैक्स के अधीन राइस मिल लगवाया था। पिछले साल मिल के अहाते की ऊंची घेराबंदी करा धान भंडारण के लिए शेड बनवा दिया था। बस गेट लगाना रह गया था।