
बिहार राज्य उजरत भोगी अमीन संघ की जिला इकाई ने गुरुवार को सोहसराय मोहल्ले के एक सभागार में बैठक की। बैठक में अमीनों ने पदाधिकारियों पर शोषण करने का आरोप लगाया। उनका कहना था कि दो साल से काम कर रहे हैं। आज तक एक पैसा पारिश्रमिक नहीं दिया गया। उपर से उनपर आम जनता को लूटने का आरोप लगाया जा रहा है।
क्या कहा जिलाध्यक्ष ने
संघ के जिलाध्यक्ष रामकृष्ण सिंह ने कहा कि बंदोबस्त पदाधिकारी के आदेश पर सभी गांवों में अमीन की नियुक्ति की जाती है। उनपर शोषण व ठगी का आरोप लगाना बेबुनियाद है। मीडिया के माध्यम से उन्हें पता चला है कि उनके द्वारा किये गये सर्वे को निरस्त करने का बयान अधिकारी दे रहे हैं। यह पूरी तरह से गलत है। ऐसी कोई चिटठी उन्हें नहीं मिली है। इस तरह के गलतबयानी से जनता में अफरातफरी का माहौल पैदा हो जाएगा। यह सही है कि सर्वे के काम को रोक दिया गया है। दो महीने बाद फिर से शुरु होगा। मेहनताना मांगने पर उनपर ठगी का आरोप लगाया जा रहा है। अधिकारी ऐसे गलत बयान देने से बचे और जल्द ही उनका मेहनताना दिया जाए।
बैठक में कौन कौन रहे शामिल
बैठक में सचिव सत्यनारायण ठाकुर, उपाध्यक्ष हरिनारायण चौधरी, कोषाध्यक्ष नरेन्द्र सिंह के अलावा गुणसागर पंडित, जितेन्द्र शाही, कहरवा राय, नारायण मुखिया, भारत भूषण सिंह आदि मौजूद थे।