
बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार का गृह प्रखंड हरनौत के प्रखंड कार्यालय की स्थिति नरक की तरह हो गई है । रोज हो रही रिमझिम बारिश और नाले के गंदा पानी प्रखंड मुख्यालय के मैदान में जमा हो गया है। मैदान में घुटने भर पानी भर जाने से प्रखंड में आने वाले ग्रामीण एवं कर्मचारियों को जूते खोल कर कार्यालय आना पड़ रहा है।
मैदान बन गया तालाब
हालत ये है हरनौत प्रखंड कार्यालय का मैदान तालाब में तब्दील हो गया है. नालियों का गंदा पानी भी मैदान में आकर जमा हो रहा है.स्थानीय लोगों के मुताबिक पटेल नगर, पंचशील नगर, डाक बंगला रोड स्थित 2 दर्जन से अधिक घरों का गंदे नाले पानी ब्लॉक परिसर में ही गिर रहा है।
भ्रष्टाचार की भेंट चढ़ा नाला
प्रखंड कार्यालय से पानी निकासी के लिए करीब दो साल पहले नाला बना था. लेकिन वो नाला भी भ्रष्टाचार की भेंट चढ़ गया. इस नाले को बनाने में करीब साढ़े छह लाख रुपए की लागत आई थी. लेकिन घटिया निर्माण की वजह से नाला टूटकर बिखर गया है। पानी का निकास नहीं रहने के कारण बारिश और इर्द-गिर्द से आ रही नाले का पानी मैदान में ही जमा हो रहा है।
आवारा पशुओं का चरागाह
प्रखंड मुख्यालय परिसर में चहारदीवारी नहीं रहने के कारण आवारा पशुओं का चरागाह बना हुआ है। सुअर, भैंस, बकरी आदि पशु किसी भी समय मैदान में विचरण करते रहते हैं।
निकासी नहीं होना कारण
हरनौत के प्रखंड विकास पदाधिकारी रवि कुमार ने बताया कि पानी का निकास नहीं है। मैदान गड्ढा रहने के कारण जल का जमाव हो रहा है। इसका विकल्प निकाला जायेगा। सीओ अखिलेश चौधरी ने बताया कि गर्मी के दिनों में भी नाले का पानी जमा रहता है। मुख्यालय का यह हाल रहना दुर्भाग्य की बात है। परिसर के आसपास मनरेगा द्वारा बनाया गया गड्ढा भर दिया गया है। जिसके कारण भी मैदान में पानी जमा है।